स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 14 हुई (लीड-1)
पुणे, 12 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में बुधवार को स्वाइन फ्लू से एक महिला सहित तीन और लोगों की मौत हो जाने के साथ ही देश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई।
महाराष्ट्र में अब तक स्वाइन फ्लू से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पुणे के निकट पिंपरी के रहने वाले संजय मिस्त्री (35) को गत रविवार गंभीर हालत में ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
मिस्त्री के निधन के कुछ घंटे बाद ही इसी बीमारी से 29 वर्षीया श्रावणी देशपांडे की मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पहले निमोनिया से पीड़ित होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में उनके भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने का पता चला। उसके बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया।
उधर, नासिक सिविल अस्पताल में स्वाइन फ्लू से राकेश गरगुंडे नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई। अस्पताल के सर्जन ए. डी. भाल सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के तीन बजे के आसपास गरगुंडे की मौत हुई। उन्हें दो दिन पहले बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनके स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की जानकारी अस्पताल को मंगलवार देर रात को मिली थी।
इससे पहले पुणे में पांच, मुंबई में दो, गुजरात में दो और तलिनाडु व केरल में एक-एक व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications