स्वाइन फ्लू में लाभकारी हो सकती है तुलसी : विशेषज्ञ
दिल्ली की एक आयुर्वेदिक चिकित्सक प्रीति छाबरा ने कहा है कि तुलसी, अश्वगंधा, गुड़ुची और आंवला जैसी औषधीय जड़ी-बूटियां किसी के शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हो सकती हैं। इस तरह से वे स्वाइन फ्लू से लड़ने में लाभकारी साबित हो सकती हैं।
छाबरा ने आईएएनएस से कहा, "वर्तमान परिदृश्य के मद्देनजर अश्वगंधा, आंवला, गुड़ुची और तुलसी जैसी कुछ औषधीय जड़ी-बूटियां शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बहुत उपयुक्त हैं। इन्हें अलग-अलग भी लिया जा सकता है या इनका मिश्रण भी बनाया जा सकता है।"
छाबरा ने कहा, "खासतौर से तुलसी सबसे लाभकारी जड़ी-बूटी है, क्योंकि इसमें बैक्टीरिया निरोधी और वायरस निरोधी, दोनों तत्व हैं। यह किसी की भी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा सकती है। इसलिए ऐसा तो नहीं कहा जा सकता कि यह स्वाइन फ्लू को बिल्कुल ठीक कर देगी, लेकिन एच1एन1 वायरस से लड़ने में निश्चित रूप से सहायक हो सकती है।"
एक अन्य आयुर्वेदिक विशेषज्ञ राकेश शर्मा कहते हैं, "तुलसी में वह औषधीय तत्व है, जो शरीर की रक्षात्मक प्रक्रिया को मजबूत करती है। न केवल यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है, बल्कि आपको तेजी के साथ स्वस्थ होने में मदद कर सकती है।"
शर्मा ने कहा, "तुलसी के लगभग 20 पत्ते का जूस प्रतिदिन लेने से यह किसी के भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकती है और एच1एन1 जैसे वायरस से लड़ने में मददगार साबित हो सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications