स्वाइन फ्लू : पुणे में 5 की मौत, मृतकों की संख्या 17 हुई (लीड-3)
महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के मुताबिक पुणे में जिन पांच लोगों की मौत हुई उनमें 48 वर्षीय ड्राइवर गौतम शेलार, नीता मेघानी (50), स्कूल छात्र बाबू गेनू कुलंद, संजय मिस्त्री (35), श्रावणी देशपांडे (29) शामिल हैं।
महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि इन सभी की मौत महाराष्ट्र के दूसरे सबसे बड़े शहर पुणे के ससून अस्पताल में हुई।
गौतम शेलार को तीन-चार दिन पहले गंभीर हालत में इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को लगभग 4.45 बजे उसकी मौत हो गई।
नीता मेघानी को चार दिन पहले गंभीर हालत में ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
बाबू गेनु कुलंद की सुबह करीब 11 बजे ससून अस्पताल में मौत हो गई। पुणे नगर निगम (स्वास्थ्य विभाग) के प्रमुख एस.आर. परदेशी ने बताया कि पुणे के समीप पिंपरी के निवासी बाबू को तीन दिन पहले गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पिंपरी के ही संजय मिस्त्री (35) को गत रविवार को गंभीर हालत में ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत बुधवार सुबह हो गई। उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
श्रावणी देशपांडे की बुधवार सुबह करीब 3 बजे मौत हो गई। उसे तीन दिन पहले निमोनिया से पीड़ित होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में उनके भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने का पता चला। उसके बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
उधर, नासिक सिविल अस्पताल में स्वाइन फ्लू से राकेश गरगुंडे नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई। अस्पताल के सर्जन ए. डी. भाल सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के तीन बजे के आसपास गरगुंडे की मौत हुई। उन्हें दो दिन पहले बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनके स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की जानकारी अस्पताल को मंगलवार देर रात को मिली थी।
महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के कारण बुधवार को यह पांचवीं मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से फ्लू का केंद्र बन चुके पुणे में अब तक 10 मौतें हो चुकी हैं। मुंबई में दो और नासिक में एक व्यक्ति की मौत हुई है। फ्लू से पहली मौत रिदा शेख की 3 अगस्त हो हुई थी।
पुणे जिले के कलक्टर चंद्रकांत दलवी ने संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल में कम से कम चार मरीजों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में भी फ्लू के दो रोगियों की हालत गंभीर है।
इस बीच दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती स्वाइन फ्लू के दो मरीजों की हालत 'गंभीर लेकिन स्थिर' बनी हुई है।
आरएमएल के चिकित्सा अधीक्षक एन. के. चतुर्वेदी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया, "अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। हम उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं और इस बारे में आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी।"
केरल में स्वाइन फ्लू के 40 संदिग्ध मामलों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है जबकि 56 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। राज्य के एक निजी अस्पताल में मंगलवार रात स्वाइन फ्लू से पहली मौत हुई।
उत्तर प्रदेश में तीन और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इसके मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
छत्तीसगढ़ के चार व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली भेज दिए गए हैं। वे चारों हाल ही में पुणे से लौटे हैं। राज्य सरकार ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए भीमराव आंबेडकर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एक विशेष प्रकोष्ठ बनाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications