इनेलो ने सेज परियोजनाओं में भारी घोटालों का आरोप लगाया
इनेलो के महासचिव अजय चौटाला ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने दो लाख रोजगार सृजित करने का झूठा आश्वासन देकर गरीब किसानों की जमीनों को अधिगृहित किया है।
चौटाला ने कहा, "मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने इस बात की चर्चा की थी कि इस परियोजना के तहत हरियाणा में करोड़ो रुपये का निवेश किया जाएगा और लगभग दो लाख रोजगार सृजित किए जाएंगे। उनके ये दावे धरे के धरे रह गए। आज तक कोई भी सेज बनकर तैयार नहीं हुआ है।"
उन्होंने कहा, "यदि हम सिर्फ रिलांयस के प्रस्तावित सेज की ही बात करें तो उसमें एक लाख करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। इस परियोजना का काम नियत समय पर आज तक पूरा नहीं हो सका है। दो बार पहले ही उसे समय विस्तार दिया जा चुका है और अब उसने तीसरा समय विस्तार मांगा है।"
चौटाला ने कहा, "हरियाणा से जुड़ी सेज परियोजनाओं की हम सर्वोच्च न्यायालय या उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश से जांच की मांग करते हैं। हमारा मानना है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा भूमि घोटाला साबित होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications