झारखंड के 3 पूर्व मुख्यमंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप
रांची, 12 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों शिबू सोरेन, मधु कोड़ा और अर्जुन मुंडा के खिलाफ भ्रष्टाचार की तीन अलग-अलग याचिकाएं दायर की गई हैं।
शमीम अहमद नाम के रांची के एक निवासी ने सोरेन के खिलाफ मंगलवार को झारखंड उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की। अहमद ने अपनी याचिका में सोरेन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 53 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। याचिका में कहा गया है कि सोरेन ने अपनी पत्नी रूपी सोरेन के नाम पर 37.7 एकड़ जमीन खरीदी जिसका बाजार मूल्य 66.75 लाख रुपये है।
इसी प्रकार से दुर्गा उरांव नामक एक व्यक्ति ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पांच पूर्व मंत्रियों के खिलाफ जनहित याचिका दायर कर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री व जमशेदपुर से सांसद अर्जुन मुंडा के खिलाफ भी पिछले महीने याचिका दायर की गई थी जिसमें उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications