भारत भर में कहीं भी हो सकता है आतंकी हमला : कनाडा
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 12 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा के विदेश विभाग ने भारत की यात्रा पर जाने वाले अपने सभी नागरिकों को सचेत करते हुए एक सुझाव जारी कर कहा है कि वहां कहीं भी और किसी भी वक्त आतंकवादी हमला, बम विस्फोट और हिंसा हो सकती है।
सुझाव में कहा गया है कि भारत सुरक्षित नहीं है क्योंकि वहां कहीं भी किसी भी वक्त हिंसा भड़क सकती है। इसलिए कम से कम स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक वहां की यात्रा करने से परहेज करे।
इस सुझाव के मुताबिक, "सभी कनाडियाई नागरिकों को अधिक से अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्हें स्थानीय अखबारों को पढ़ना चाहिए। स्थानीय अधिकारियों की सलाह माननी चाहिए। भीड़-भाड़ वाले इलाकों से परहेज करना चाहिए। खुद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाने चाहिए।"
सुझाव में कहा गया है कि मुंबई हमले के बाद वहां की जिंदगी पटरी पर लौट रही है लेकिन इसके बावजूद भारत में आतंकवादी हमले की संभावना हमेशा बनी रहती है। खासकर उन स्थानों पर जहां अधिक से अधिक विदेशी पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है।
इस सुझाव में कनाडियाई नागरिकों को जम्मू एवं कश्मीर तथा अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में यात्रा करने से साफ मना किया गया है।
नागरिकों को यहां तक सचेत किया है कि वे अपने पासपोर्ट और अन्य जरूरी कागजातों को संभालकर रखें क्योंकि वहां बसों और ट्रेनों में यात्रा के दौरान इन सामान की चोरी भी हो सकती है। नागरिकों से कहा गया है कि वे अनजान लोगों से खाने पीने का पदार्थ न लें।
कनाडा के विदेश मंत्री के सचिव दीपक ओभराय ने कहा, "हमने जो सुझाव जारी किया है वह जायज है। मुंबई हमले में अपने कई नागरिक खोए हैं।"
उन्होंने कहा, "हमने वही किया है जो भारत कर रहा है। उसे अपनी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications