स्वाइन फ्लू को लेकर सचेत है बिहार
राज्य के स्वास्थ मंत्री नंद किशोर यादव ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार स्वाइन फ्लू को लेकर पहले से ही सचेत है। उन्होंने बताया कि दो माह पहले से ही स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए राज्य के मेडिकल कॉलेजों में 10-10 तथा जिला अस्पतालों में पांच-पांच बिस्तर सुरक्षित रखे गए हैं।
यादव ने बताया कि राज्य के प्रसिद्घ पर्यटक स्थलों बोधगया, नालंदा तथा पटना सहित अन्य स्थानों पर विदेशी पर्यटकों पर खास नजर रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि देश में पहले स्वाइन फ्लू के मरीज की सूचना मिलने के बाद मई से ही नेपाल सीमा पर जोगबनी तथा रक्सौल जांच चौकी पर विदेशी सैलानियों और स्वाइन फ्लू पीड़ित देशों की यात्रा कर नेपाल के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
यादव ने बताया कि राज्य में स्वाइन फ्लू का एक भी मरीज चिह्न्ति नहीं किया गया है। पटना जंक्शन पर भी मुंबई और पुणे से आने वाली रेलगाड़ियों के यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। केंद्रीय टीम ने भी सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जाकर स्वाइन फ्लू वार्ड का निरीक्षण किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications