स्वाइन फ्लू की जांच में निजी अस्पताल मदद करेंगे : शीला दीक्षित
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने मंगलवार को कहा कि स्वाइन फ्लू की जांच के लिए लोगों की संख्या में हो रही लगातार बढ़ोतरी से निपटने के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही निजी अस्पतालों में इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के जांच की अनुमति प्रदान कर सकती है।
अब तक दिल्ली में 14 सरकारी अस्पतालों में ही फ्लू की जांच की जा रही है।
दीक्षित ने एक समाचार चैनल के साथ बातचीत में कहा, "हम नहीं चाहते कि अफरातफरी मचे। हम एक ऐसी नीति पर काम कर रहे हैं, जिसके तहत निजी अस्पतालों को इस काम में शामिल किया जाएगा। केंद्र सरकार इस मामले में जो भी संभव है, कर रही है। फ्लू के फैलाव को रोकने वाली दवाओं की या अन्य जरूरी सुविधाओं की कोई कमी नहीं है।"
दिल्ली में अब तक 250 से अधिक लोगों में फ्लू के वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 178 को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि 58 मरीजों का अभी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications