चिंतन बैठक के लिए तय आधार में हम फिट नहीं बैठते : यशवंत सिन्हा
चिंतन बैठक में शामिल नहीं किए जाने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह बहुत ही साधारण है। चिंतन बैठक के लिए जो आधार तय किया गया है उसमें हम फिट नहीं बैठते।"
सिन्हा से जब यह पूछा गया कि क्या आपको नहीं लगता कि लोकसभा चुनाव में हुई पार्टी की हार की आलोचना करने के चलते उन्हें और वरिष्ठ नेता अरुण शौरी को चिंतन बैठक से दूर रखा गया है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "नहीं मुझे ऐसा नहीं लगता।"
उन्होंने कहा, "बैठक में हमें नहीं बुलाए जाने की तरह-तरह से व्याख्या की जा रही है और ऐसी व्याख्या करने वालों के बारे में मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता।"
पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता अरुण शौरी से जब इस बारे में बातचीत की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं पार्टी मामलों पर टिप्पणी करना नहीं चाहता।"
चिंतन बैठक के लिए तय नेताओं की सूची में सिन्हा और शौरी भले ही जगह नहीं बना पाए हों लेकिन उनके द्वारा लोकसभा चुनाव में हुई हार को लेकर उठाए गए संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने इस बारे में गत शुक्रवार को आईएएनएस से कहा था कि इन नेताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चिंतन बैठक में जरूर चर्चा होगी।
उल्लेखनीय है कि पार्टी ने चिंतन बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के लिए एक आधार तय किया गया है। इसके मुताबिक बैठक में पार्टी की कोर ग्रुप के सदस्य, राष्ट्रीय महामंत्री, सभी मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री और लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications