बिहार में अगवा 2 लोगों के शव बरामद
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत विनायक ने मंगलवार को बताया कि कोलकता में गिरफ्तार बिहार के गोपालगंज के मीरगंज निवासी मोहित तिवारी की निशानदेही पर दोनों शव बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एक शव की पहचान आरा के सलीमपुर निवासी एवं पटना में रहकर पढ़ाई करने वाले सौरव के रूप में हुई है वहीं दूसरा शव पटना के आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत खगड़िया निवासी संतोष कुमार का है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी में संतोष कुमार का तथा अक्टूबर 2008 में सौरव कुमार का अपहरण कर लिया गया था।
उन्होंने बताया कि सौरव के अपहरण के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल में सौरव के छह साथियों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद इन दोनों अपहरण में मोहित तिवारी के हाथ होने की बात सामने आई थी। पुलिस को मोहित के कोलकाता में छुपे होने की जानकारी मिली थी तब पुलिस ने कोलकाता पुलिस को इसकी सूचना दी थी। कोलकाता पुलिस ने रविवार को न्यू मार्केट क्षेत्र से मोहित को गिरफ्तार किया था।
विनायक के अनुसार पुलिस मोहित से पूछताछ कर रही है। मोहित पटना में ही एक किराये के मकान में रहता था और वहीं दोनों शवों को दफनाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications