बिहार में सहायक डाक अधीक्षक की हत्या
पटना,11 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम सहायक डाक अधीक्षक सीताराम साह पर अज्ञात लोगों ने हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। बाद में अस्पताल ले जाए जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के विरोध में जिले के सभी डाककर्मियों ने मंगलवार को कार्य का बहिष्कार किया तथा जिला मुख्यालय की मुख्य सड़क को दो घंटे तक जाम रखा।
पुलिस के अनुसार बांका प्रधान डाकघर के सहायक डाक अधीक्षक साह सोमवार देर शाम मोटरसाइकिल से अपने कार्यालय से लौट रहे थे। रास्ते में छतहार गांव के नजदीक आनंद मार्ग विद्यालय के समीप अज्ञात लोगों ने पीछे से उनके सर पर डंडे से वार कर दिया, इससे साह बुरी तरह घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
बांका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि इस घटना की प्राथमिकी अमरपुर थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है,इनसे पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications