चंडीगढ़ में प्रदूषण मुक्त आटो रिक्शा सेवा आरंभ
चंडीगढ़ के गृह सचिव राम निवास ने कहा कि 'टुकटुक' नामक नई सेवा 24 घंटे उपलब्ध होगी और ग्राहक इसके लिए बने विशेष स्टैंडों से भी इनकी सेवाएं ले सकते हैं।
इस सेवा के लिए पहले किलोमीटर तक 10 रुपये और उसके बाद के लिए प्रति किलोमीटर आठ रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि इस बात की संभावना है कि कुछ महाविद्यालयों और कार्यालयों के जिन मार्गो पर महिला यात्रियों की संख्या अधिक है, उन पर महिला आटो रिक्शा चालकों को भी नियुक्त करने की संभावना है। चालकों के लिए विशेष वर्दी होगी और उन्हें बिल्ला नंबर आवंटित किया जाएगा।
चंडीगढ़ को प्रदूषण मुक्त करने के प्रयास के तहत चंडीगढ़ के प्रशासक एस.एफ.रोड्रिग्ज ने आटो रिक्शा में एलपीजी-किट लगवाने या एलपीजी से चलने वाला नया आटो रिक्शा खरीदने के इच्छुक व्यक्तियों को चेक वितरित किए।
चंडीगढ़ प्रशासन ने आटो रिक्शा चालकों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली वित्त निगम के साथ एक समझौता किया है।
निवास ने कहा कि आटो रिक्शा चालक यूनियन के साथ उनके समझौते के अनुसार 31 अगस्त के बाद से चंडीगढ़ में कोई भी पेट्रोल या डीजल से चलने वाला रिक्शा नहीं चलेगा। प्रशासन इस संबंध में उनको आसान कर्ज उपलब्ध कराने को तैयार है।
दिल्ली वित्त निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एक्स.के.महतो ने बताया कि दिल्ली में उन्होंने 5,000 एलपीजी आटो रिक्शाओं के लिए वित्त उपलब्ध कराया था और कर्ज वसूली करीब 98 प्रतिशत रही। चंडीगढ़ में 500 आटो रिक्शाओं के लिए कर्ज दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications