भारत के साथ संबंध मजबूत होने से पाकिस्तान को नुकसान नहीं : अमेरिका
वाशिंगटन, 11 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ संबंधों को मजबूत करना जारी रखेगा। एक देश के साथ संबंध मजबूत करने का अर्थ दूसरे का नुकसान नहीं है।
भारत से बढ़ते अमेरिकी संबंधों को लेकर पाकिस्तान की चिंताओं के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता राबर्ट वुड ने कहा, "मैं पाकिस्तान से कहना चाहूंगा कि यह 'जीरो सम गेम' नहीं हैं, जिसमें एक के नुकसान की कीमत पर दूसरे का फायदा होता है।"
'गैलप पाकिस्तान' के एक सर्वेक्षण पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका की भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के साथ मजबूत साझेदारी है तथा उसमें और सुधार के प्रयास जारी हैं। सर्वेक्षण के अनुसार 67 प्रतिशत पाकिस्तानी लोगों ने भारत की तुलना में अमेरिका को अधिक बड़ा शत्रु माना है।
सर्वेक्षण में शामिल केवल 18 प्रतिशत लोगों ने भारत को अपना शत्रु बताया।
वुड ने कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान के साथ काम करना जारी रखेगा और केवल आतंकवाद ही नहीं वरन गरीबी, अशिक्षा, सूखे और बीमारियों जैसी समस्याओं से निपटने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें पुराने तौर तरीकों से ऊपर उठना होगा और 21वीं शदी में इन समान शत्रुओं को समाप्त करने के लिए एक दूसरे के साथ काम करना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications