देश स्वाइन फ्लू से निपटने को तैयार : आजाद
स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तीन घंटे तक बैठक करने के बाद आजाद ने संवाददाताओं को बताया, "हमें आने वाले महीनों के लिए तैयार रहना है। स्वाइन फ्लू व्यापक पैमाने पर अपने पांव फैला रहा है। देश की विशाल आबादी को देखते हुए ऐसा लगता है कि स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी होगी। हमें इससे निपटने के लिए तैयार रहना होगा।"
आजाद ने कहा, "दुर्भाग्यवश देश में इस बीमारी के कारण अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।"
आजाद ने कहा, "कैबिनेट सचिव ने हमें अन्य मंत्रालयों से कुछ संयुक्त सचिवों को मुहैया कराने का फैसला किया है, जो स्वास्थ्य मंत्रालय के दलों के साथ राज्यों में जाएंगे। ये अधिकारी राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों से कहेंगे कि वे फ्लू के मामलों से निपटने के लिए सरकारी तथा निजी प्रयोगशालाओं की पहचान करें।"
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "हमने एच1एन1 वायरस की जांच के लिए निजी प्रयोगशालाओं को अनुमति देने का फैसला किया है। हमने दिशानिर्देश निर्धारित किए हैं और उसे सभी राज्यों को भेज दिया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications