पुणे में स्वाइन फ्लू के कारण स्कूल, कॉलेज व माल बंद (लीड-1)
राज्य के मंत्री अजित पवार ने कहा है कि विद्यालय और महाविद्यालय तथा मॉल 17 अगस्त तक बंद रहेंगे। वहीं सिनेमाघर तीन दिनों तक बंद रहेंगे।
पवार ने संवाददाताओं को बताया, "यह निर्णय मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण द्वारा बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया। बैठक में सभी जिला प्रशासन को इस मामले में उचित कदम उठाने के लिए अधिकृत किया गया।"
घोषणा के बाद पवार ने जिले के सम्मानित नागरिकों, पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा अधिकारियों की एक बैठक बुलाई। यह निर्णय शहर में एक सप्ताह के भीतर स्वाइन फ्लू के कारण हुई तीसरी मौत के बाद लिया गया। महाराष्ट्र में फ्लू के कारण अब तक चार मौतें हुई है।
पुणे में स्वाइन फ्लू के कारण सोमवार तड़के 35 वर्षीय आयुर्वेदिक चिकित्सक की मौत हो गई।
सोमवार को देश में फ्लू के कारण मरने वालों की संख्या छह हो गई।
एक अन्य घटनाक्रम में मुंबई के दो स्कूलों के तीन छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो जाने के बाद दोनों स्कूलों में सोमवार को एक सप्ताह के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया। अंधेरी (पूर्व) स्थित सेंट डोमिनिक सेवियो नेशनल ओपन स्कूल के दो छात्रों में तथा जुहू इलाके में स्थित आर्य विद्या मंदिर स्कूल के एक छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों के अनुसार संक्रमित छात्रों को एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications