प्रधानमंत्री ने पटरी व्यापारियों की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्रियों को कहा
सभी मुख्यमंत्रियों को भेजे एक पत्र में मनमोहन सिंह ने नई शहरी पटरी व्यापारी नीति को सभी राज्य सरकारों द्वारा सख्ती और ईमानदारी से लागू करना सुनिश्चित करने के लिए उनसे व्यक्तिगत रूचि लेने को कहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2004 में तैयार शहरी पटरी व्यापारी नीति की समीक्षा की है। नई नीति का उद्देश्य पटरी व्यापारियों को राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय स्तर पर मान्यता देना है, जिससे वे बिना किसी उत्पीड़न के अपनी आर्थिक गतिविधियां संचालित कर सकें।
उन्होंने जोर दिया कि शहरी विकास योजनाओं में पटरी व्यापारियों के लिए स्थान को उपयुक्त तरीके से निर्धारित किया जाना चाहिए।
मनमोहन सिंह ने मुख्यमंत्रियों का ध्यान मॉडल स्ट्रीट वेंडर्स (प्रोटेक्शन ऑफ लाइवलीहुड एंड रेग्युलेशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स) विधेयक, 2009 की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि नई नीति में पटरी व्यापारियों के बिना किसी प्रकार के उत्पीड़न के जीविका चलाने देने के लिए कानूनी ढांचे की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नए मसौदे के अनुसार पटरी व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए कदम उठाएंगे।
मनमोहन सिंह ने राज्यों से स्वर्ण जयंती शहरी रोजगार योजना, जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय नवीकरण मिशन,प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, कौशल विकास पहल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ पटरी व्यापारियों तक पहुंचाने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications