आतंकवाद पर दोहरी नीति अपना रहा पाक : सेनाध्यक्ष
एक समारोह के दौरान जनरल कपूर ने कहा, "मुझे यह अजीब लगता है कि एक तरफ तो पाकिस्तान आतंकवाद से लड़ना चाहता है और अपनी सेना को उनके खिलाफ भेजता है और दूसरी ओर कश्मीर में घुसपैठ कराकर वह आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। मेरा मानना है कि वह दोहरी नीति अपना रहा है।"
रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी के कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ के बढ़ते प्रयासों के प्रति चिंता जाहिर करने के एक दिन बाद सेनाध्यक्ष की यह टिप्पणी सामने आई है।
जनरल कपूर ने कहा कि घुसपैठियों के पास अत्याधुनिक हथियार और संचार उपकरण उपलब्ध होने से उन्हें पाकिस्तानी संस्थानों के समर्थन की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान घुसपैठ की घटनाओं में वृद्धि भी होती दिख रही है। बर्फबारी होने और दर्रो के बंद होने से पहले अधिक से अधिक लोगों की घुसपैठ कराने के प्रयास जारी हैं।
कपूर ने कहा कि कश्मीर हर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर कश्मीर मुद्दा उछालने का प्रयास करता है। घुसपैठ के बढ़ते प्रयास को वह इसी संदर्भ में देख रहे हैं।
सेनाध्यक्ष ने कहा कि आतंकवादियों की हरकतों और घुसपैठ के बढ़ते प्रयासों के बावजूद कश्मीर की स्थिति बहुत शांतिपूर्ण है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications