नेपाल की विदेश मंत्री भारत के दौरे पर
काठमांडू, 10 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल की विदेश मंत्री सुजाता कोइराला ने सोमवार को भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना होते समय कहा कि इससे भारत-नेपाल संबंधों में नया आयाम जुड़ेगा और गलतफहमियां दूर होंगी।
नेपाल के पांच बार प्रधानमंत्री रहे गिरिजा प्रसाद कोइराला की पुत्री सुजाता कोइराला की यात्रा के बाद अगले सप्ताह नेपाल के प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल भारतीय दौरे पर जाएंगे।
कोइराला अपने दौरे में आर्थिक कूटनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगी। नेपाल में भारतीय निवेश और सहयोग बढ़ाने के प्रयास करने के साथ ही उनके दौरे में तीन महत्वपूर्ण आर्थिक समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे।
दोनों देशों के विदेश मंत्री भारत-नेपाल व्यापार संधि में महत्वपूर्ण सुधारों पर भी वार्ता की शुरुआत करेंगे जिसका वर्ष 2012 में नवीकरण किया जाना है।
उल्लेखनीय है कि दोनों पड़ोसी देशों ने 70 के दशक में एक व्यापार संधि की थी, जिसे बाद में सुविधा के लिए दो अलग-अलग संधियों में विभक्त कर दिया गया।
जहां पारगमन संधि का नवीकरण हर सात वर्ष पर होता है वहीं व्यापार संधि का हर पांच वर्ष पर नवीकरण होता है।
नेपाली निवेशकों का कहना है कि पांच वर्ष की अवधि उनको लाभ दिलाने के काफी कम है, इसके कारण नेपाल सरकार व्यापार संधि के नवीकरण के लिए 10 वर्ष की समय सीमा निर्धारित करना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications