बेंगलुरू के छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद स्कूल में अवकाश
छात्र सोमवार को जब स्कूल पहुंचे तो उन्हें वापस घर भेज दिया गया।
स्कूल के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि एक छात्र का एक निजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू का इलाज चल रहा है।
अधिकारी ने कहा, "स्कूल को एहतियात के तौर पर बंद किया गया है, ताकि वायरस का विस्तार न हो पाए।"
राज्य के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) आई.आर.पेरुमल ने आईएएनएस को बताया कि छात्र को दक्षिण बेंगलुरू के जयनगर में मनिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसे टैमीफ्लू की खुराक दी जा रही है।
पेरुमल ने कहा, "छात्र की हालत बेहतर है।"
पेरुमल ने कहा कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार वायरस के फैलाव को रोकने के लिए हर संभव उपाय कर रही है।
उन्होंने कहा, "स्कूल को बंद करना स्कूल प्रशासन द्वारा जल्दबाजी में लिया गया एक निर्णय है।"
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 10 से 14 वर्ष के बच्चे इनफ्लुएंजा वायरस के आसानी से शिकार हो जाते हैं, लिहाजा राज्य के 46,000 स्कूलों के लगभग एक करोड़ से अधिक बच्चों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications