स्वाइन फ्लू से देश में चार मौतें

शनिवार को मुंबई में 53 वर्षीय फहमीदा पानवाला की और पुणे में 42 वर्षीय शिक्षक संजय तुकाराम की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। इससे पहले तीन अगस्त को पुणे में ही 14 वर्षीय स्कूली छात्रा रिदा शेख की भी मौत हो गई थी। जबकि इससे पीड़ित लोगों की संख्या 783 है।
प्रवीण पटेल (43) 31 जुलाई को पत्नी के साथ अमेरिकी शहर अटलांटा से यहां पहुंचे थे। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में उन्होंने रविवार सुबह अंतिम सांस ली। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने कहा, "यह दुखद है। अहमदाबाद में स्वाइन फ्लू से हुई यह पहली मौत है।" पटेल और उनकी पत्नी की जांच शनिवार को सकारात्मक रही थी।
दूसरी ओर पुणे स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने कहा, "42 वर्षीय संजय कोलकर को दो दिन पहले यहां के सासून अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शनिवार देर रात लगभग एक बजे उनकी मौत हो गई।"
परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक अशोक लाड्डा ने कहा कि कोलकर एक विद्यालय में शिक्षक थे। उन्हें सबसे पहले 31 जुलाई को तबीयत खराब होने पर पुणे के समीप स्थित खेड़ेगांव के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में स्थिति खराब होने पर उन्हें पुणे के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications