स्वाइन फ्लू से एनआरआई की मौत, पत्नी की हालत गंभीर (लीड-1)
प्रवीण पटेल (43) 31 जुलाई को पत्नी के साथ अमेरिकी शहर अटलांटा से यहां पहुंचे थे। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था लेकिन शनिवार रात उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई।
सरकारी सिविल अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "पटेल को बुरी तरह संक्रमित होने के बाद सिविल अस्पताल लाया गया था। उन्हें पांच से सात अगस्त के बीच वेंटिलेटर पर रखा गया। उन्हें आठ अगस्त को वेंटिलेटर से हटाया गया था और उस दौरान उनकी हालत में सुधार हुआ। उन्हें शनिवार को फिर से वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है।"
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने आईएएनएस से कहा, "यह दुखद है। अहमदाबाद में स्वाइन फ्लू से हुई यह पहली मौत है।" पटेल और उनकी पत्नी की जांच रिपोर्ट शनिवार को सकारात्मक पाई गई थी।
पटेल की पत्नी का नाम अभी पता नहीं चल पाया है। दोनों चार अगस्त से पहले एक निजी अस्पताल में उपचार करवा रहे थे। अहमदाबाद में अब तक 53 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
गौरतलब है कि पटेल से पहले देश में तीन अन्य लोग स्वाइन फ्लू की वजह से मौत के शिकार हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications