दुनिया में भारत की बड़ी भूमिका का समर्थन करता है चीन : चीनी मंत्री
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में चीन के विदेश उप मंत्री दाई बिंगुओ के हवाले से कहा गया है, "चीन भारत के विकास और प्रगति को सकारात्मक रूप में लेता है और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भारत की बड़ी भूमिका का भी समर्थन करता है।"
दाई ने भारत के साथ सीमा विवाद को लेकर शनिवार को नई दिल्ली में संपन्न हुई दो दिवसीय बातचीत में चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) एम.के.नारायणन ने किया।
बयान में कहा गया है, "सीमा के सवाल पर दोनों पक्षों ने विशेष प्रतिनिधि प्रक्रिया के जरिए हो रही प्रगति पर संतोष जाहिर किया और इस बात को दोहराया कि लंबित सीमा विवाद के हल होने तक अपने-अपने सीमावर्ती इलाकों में शांति और सौहाद्र्र बरकरार रखा जाना चाहिए।"
बयान में कहा गया है, "बातचीत सौहाद्र्रपूर्ण और मैत्रीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।"
अपने दौरे के दौरान दाई ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications