स्वाइन फ्लू के बारे में घरेलू सावधानी के लिए दिशानिर्देश तैयार
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने संवाददताओं को बताया, "हमने लोगों को सलाह दी है कि अफरातफरी न मचाएं और स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। परिजनों और स्कूलों से भी कहा गया है कि वे इनफ्लुएंजा एच1एन1 के लक्षणों के बारे में बच्चों को बताएं।"
दिल्ली में अब तक 278 लोगों में इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) वायरस की पुष्टि हुई है।
फ्लू की जांच के लिए दिल्ली में 14 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 11 केंद्र दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे हैं। दो केंद्र, केंद्र सरकार द्वारा और एक नगरनिगम द्वारा।
इन केंद्रों से अब तक लगभग 178 लोगों को पूर्ण स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है और 58 का अभी इलाज चल रहा है।
स्वाइन फ्लू के प्रकोप को लेकर कैबिनेट की एक आपातकालीन बैठक के बाद दीक्षित ने मीडिया को बताया कि उनकी सरकार ने स्वाइन फ्लू के बारे में जानकारी देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 011-23921401 शुरू किया है।
दीक्षित ने कहा, "हमने फ्लू से संबंधित मामलों के प्रभावी संयोजन के लिए एक राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी और एक अतिरिक्त नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है।"
दिल्ली के मुख्य सचिव राकेश मेहता ने आईएएनएस से कहा कि सरकार स्वाइन फ्लू के फैलाव को रोकने के लिए जल्द ही घरेलू सावधानी के बारे में एक दिशानिर्देश जारी करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications