स्वाइन फ्लू से मृतकों की संख्या 4 हुई, 82 नए मामले (राउंडअप इंट्रो-1)

तेजी से फैलती बीमारी की भयावहता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने मामले की निगरानी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र और गुजरात प्रशासन को हाई अलर्ट कर दिया गया है। अब तक स्वाइन फ्लू से मौतें इन्हीं दोनों राज्यों में हुई है।

इंफ्लूएंजा ए (एच1एन1) वायरस के ताजा शिकार हुए संजय कोकरे एक गांव के स्कूल में शिक्षक थे। पुणे के सूसान अस्पताल में शनिवार की देर रात उनकी मौत हो गई।

गुजरात में एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) प्रवीण पटेल की अहमदाबाद में सिविल अस्पताल में रविवार सुबह मौत हो गई। वह अमेरिका के अटलांटा से एक सप्ताह पहले अहमदाबाद आए थे। उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।

महाराष्ट्र परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक अशोक लाड्डा ने कहा कि कोकरे को सबसे पहले 31 जुलाई को तबीयत खराब होने पर पुणे के समीप स्थित खेड़ेगांव के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में स्थिति खराब होने पर उन्हें पुणे के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई।

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने एनआरआई की मौत पर आईएएनएस से कहा, "यह दुखद है। अहमदाबाद में स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत है।" पटेल और उनकी पत्नी की जांच शनिवार को सकारात्मक रही थी। यहां स्वाइन फ्लू के 13 मामले सामने आ चुके हैं और 53 अन्य मरीजों की जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद को चिकित्सकों का एक दल गठित करने को कहा है जिससे लोगों में जागरूकता के लिए उचित जानकारी मुहैया कराई जा सके।

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री से चिकित्सकों के एक पैनल का गठन करने को कहा है, जो स्वाइन फ्लू के बारे में लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराएगा।"

मनमोहन सिंह ने कहा कि पैनल को मीडिया को भी उपयुक्त जानकारी देनी चाहिए जिससे कोई गलतफहमी पैदा न हो।

अधिकारी ने कहा कि रविवार सुबह प्रधानमंत्री को स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी देने के लिए आजाद ने प्रधानमंत्री को फोन किया।

अधिकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि टैमीफ्लू का पर्याप्त भंडार है और जिन लोगों को वायरस से संक्रमित पाया जा रहा है उन्हें अलग रखा जा रहा है।

अधिकारी के अनुसार आजाद ने आश्वासन दिया कि केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों से मिलेंगे और कैबिनेट सचिव को पूरी जानकारी से अवगत कराते रहेंगे।

एक तरफ प्रशासन इस घातक बीमारी का मुकाबला करने में जुटे हैं वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद के उस बयान से विवाद उत्पन्न हो गया जिसमें उन्होंने कहा था कि स्वाइन फ्लू संक्रामक है और इस रोग से पीड़ित लोगों के जरिये इसका वायरस दूसरों को स्थानांतरित हो सकता है।

आजाद ने संवाददाताओं को बताया कि तीन अगस्त को फ्लू के कारण मौत की पहली शिकार बनी पुणे की स्कूली छात्रा रिदा शेख इलाज के लिए एक से अधिक अस्पताल में गई थी और इस कारण संभावना है कि 80 अन्य लोग फ्लू के वायरस से संक्रमित हो गए।

आजाद ने कहा, "एक छोटी बच्ची एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल गई, फिर तीसरे अस्पताल में उसका इलाज किया गया और उसके बाद चौथे अस्पताल में, वह भी बगैर जागरूकता के। इस पूरी प्रक्रिया में कोई 80 लोग संक्रमित हो गए। इलाज की प्रक्रिया में बच्ची से वायरस संक्रमित होते गए।"

आजाद के इस बयान के बाद पुणे में रिदा शेख के परिजनों ने मांग की है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद या तो मांफी मांगें या पद से इस्तीफा दें।

रिदा की भावुक मां ने संवाददाताओं से यहां रविवार को कहा, "हम चाहते हैं कि सरकार इसके लिए माफी मांगे। आजाद ने एक मां के दिल को ठेस पहुंचाया है। उन्होंने मेरी बच्ची पर आरोप लगाया है कि उसने चार अस्पतालों का चक्कर लगाने के दौरान 80 लोगों को संक्रमित कर दिया। उन्हें अपने तथ्यों की सच्चाई जानने की जरूरत है।"

रिदा के परिजनों के बयान के बाद आजाद ने माफी मांग ली है।

पुणे में एक चिकित्सक और फार्मासिस्ट और मुंबई में एक उद्योगपति के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने रविवार तड़के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।

दिल्ली में संस्कृति स्कूल में तीन छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद स्कूल को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार अब तक 4,084 लोगों की जांच की गई जिन में से 864 में फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से 523 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

रविवार को सामने आए नए मामलों में पुणे (34), दिल्ली (13), मुंबई (12), चेन्नई (7), गोवा (4), वड़ोदरा (3), कोझिकोड (2), हैदराबाद (2), गुड़गांव (2), तिरुवनंतपुरम (1), त्रिशूर (1) और सिरसा (1) शामिल हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+