रिदा के परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा मांगा
पुणे, 9 अगस्त (आईएएनएस)। देश में स्वाइन फ्लू से मौत की पहली शिकार बनी पुणे की 14 वर्षीय छात्रा रिदा शेख के परिजनों ने मांग की है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद या तो मांफी मांगें या पद से इस्तीफा दें।
रिदा के परिजन आजाद की उस टिप्पणी पर खफा हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि इलाज के दौरान अस्पताल बदलने के चलते रिदा ने 80 लोगों में फ्लू के वायरस फैला दिए।
रिदा की भावुक मां ने संवाददाताओं से यहां रविवार को कहा, "हम चाहते हैं कि सरकार इसके लिए माफी मांगे। आजाद ने एक मां के दिल को ठेस पहुंचाया है। उन्होंने मेरी बच्ची पर आरोप लगाया है कि उसने चार अस्पतालों का चक्कर लगाने के दौरान 80 लोगों को संक्रमित कर दिया। उन्हें अपने तथ्यों की सच्चाई जानने की जरूरत है।"
रिदा का जिक्र करते हुए आजाद ने इसके पहले रविवार को कहा था, "एक छोटी बच्ची एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल गई, फिर तीसरे अस्पताल में उसका इलाज किया गया और उसके बाद चौथे अस्पताल में, वह भी बगैर जागरूकता के। इस पूरी प्रक्रिया में 80 लोग संक्रमित हो गए। इलाज की प्रक्रिया में बच्ची से वायरस संक्रमित होते गए।"
आजाद के बयान से क्रोधित रिदा की चाची आयशा शेख ने कहा, "हमारी बच्ची ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान की है। उसकी मौत के कारण तमाम लोग स्वाइन फ्लू की जांच के लिए आगे आए हैं और उनमें फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। कोई भी व्यक्ति नहीं चाहता कि उसके परिवार में रिदा जैसी कोई घटना हो।"
शेख ने कहा, "हम चाहते हैं कि या तो आजाद माफी मांगे या इस्तीफा दें अन्यथा हम प्रधानमंत्री के पास जाएंगे और उनके इस्तीफे की मांग करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications