स्वाइन फ्लू : 'संस्कृति स्कूल' एक हफ्ते के लिए बंद (लीड-1)
दक्षिण दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित 'संस्कृति स्कूल' के कक्षा चार और 11 के दो छात्रों में शनिवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। रविवार को स्कूल ने अपनी वेबसाइट पर तीसरे छात्र को भी स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि की।
वेबसाइट में कहा गया है कि कक्षा आठ का एक छात्र ब्रिटेन में स्वाइन फ्लू से संक्रमित हुआ लेकिन इसके बाद वह विद्यालय नहीं आया है।
विद्यालय की शिक्षिका अंजलि बाली ने आईएएनएस से कहा, " दो छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद विद्यालय प्रशासन ने चिकित्सकों की सलाह पर विद्यालय को दो हफ्तों के लिए बंद रखने का फैसला किया। हमने रविवार को अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी है।"
विद्यालय प्रबंधन ने कहा है कि 17 अगस्त तक विद्यालय बंद रहेगा। देश में अब तक स्वाइन फ्लू से चार लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में इस घातक बीमारी से 179 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
दक्षिण दिल्ली के एक अन्य विद्यालय 'मदर इंटरनेशनल स्कूल' ने कक्षा पांच के सेक्शन डी की कक्षा को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया है। स्कूल की उप प्रधानाचार्य एच.भल्ला ने कहा कि पिछले हफ्ते विद्यालय के एक छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।
कई अन्य विद्यालय भी स्वाइन फ्लू के चलते सतर्कता बरत रहे हैं। दिल्ली में इस घातक बीमारी से 179 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications