प्रधानमंत्री ने आजाद से चिकित्सकों का पैनल बनाने को कहा (लीड-1)
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू के संबंध में जनता को सही जानकारी देने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद को चिकित्सकों का एक दल गठित करने को कहा है। स्वाइन फ्लू से देश में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री से चिकित्सकों के एक पैनल का गठन करने को कहा है, जो स्वाइन फ्लू के बारे में लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराएगा।"
मनमोहन सिंह ने कहा कि पैनल को मीडिया को भी उपयुक्त जानकारी देनी चाहिए जिससे कोई गलतफहमी पैदा न हो।
अधिकारी ने कहा कि रविवार सुबह प्रधानमंत्री को स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी देने के लिए आजाद ने प्रधानमंत्री को फोन किया।
अधिकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि टैमीफ्लू का पर्याप्त भंडार है और जिन लोगों को वायरस से संक्रमित पाया जा रहा है उन्हें अलग रखा जा रहा है।
अधिकारी के अनुसार आजाद ने आश्वासन दिया कि केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों से मिलेंगे और कैबिनेट सचिव को पूरी जानकारी से अवगत कराते रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications