स्वाइन फ्लू : दिल्ली के विद्यालयों में अलर्ट
दक्षिणी दिल्ली स्थित निजी विद्यालय 'संस्कृति स्कूल' के दो छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद विद्यालय को 17 अगस्त तक बंद कर दिया गया है।
विद्यालय की शिक्षिका अंजलि बाली ने आईएएनएस से कहा, " दो छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद विद्यालय प्रशासन ने चिकित्सकों की सलाह पर विद्यालय को दो हफ्तों के लिए बंद रखने का फैसला किया। हमने रविवार को अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी है।"
विद्यालय प्रबंधन ने कहा है कि 17 अगस्त तक विद्यालय बंद रहेगा। देश में अब तक स्वाइन फ्लू से चार लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में इस घातक बीमारी से 179 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
दक्षिण दिल्ली के एक अन्य विद्यालय 'मदर इंटरनेशनल स्कूल' ने कक्षा पांच के सेक्शन डी की कक्षा को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया है। स्कूल की उप प्रधानाचार्य एच.भल्ला ने कहा कि पिछले हफ्ते विद्यालय के एक छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।
दिल्ली के कई अन्य विद्यालय भी स्वाइन फ्लू के चलते सतर्कता बरत रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications