दिल्ली विश्वविद्यालय का अपना नेटवर्किं ग वेबसाइट
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। 'फेसबुक' और 'ऑरकुट' जैसे सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइटों का इस्तेमाल करने वालों को दिल्ली विश्वविद्यालय ने एक नया विकल्प दिया है। विश्वविद्यालय ने 'नेटवर्क डीयू' नामक नेटवर्किं ग वेबसाइट शुरू की है।
नेटवर्क डीयू की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केवल चार हफ्ते में इस वेबसाइट पर 2,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण करवाया है। इस वेबसाइट को तकनीक मामलों के विशेषज्ञ हनी अरोड़ा ने तैयार किया है।
'नेटवर्क डीयू' (डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू नेटवर्क डीयू डॉट कॉम) में सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट के सभी विशेषताएं मौजूद हैं। वेबसाइट के संबंध में अरोड़ा ने आईएएनएस से कहा, "हमारा लक्ष्य दिल्ली विश्वविद्यालय से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। यह छात्रों को विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों से जोड़ने का काम करेगा।"
वेबसाइट से विश्वविद्यालय के बाहर के लोग भी जुड़ सकते हैं। अरोड़ा ने कहा कि वह खुद भी दिल्ली विश्वविद्यालय से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने कहा, "मैं पंजाब टेक्नीकल यूनीवर्सिटी का छात्र था। मैंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरू के कुछ दोस्तों के साथ मिलकर नेटवर्क डीयू तैयार किया है।"
अरोड़ा ने कहा, "मेरा मानना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय तकनीक के मामले में काफी आगे है।" नेटवर्क डीयू में इन दिनों रैगिंग के मुद्दे पर लोग बहस कर रहे हैं।
अरोड़ा ने कहा कि उनकी योजना नेटवर्क डीयू से विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को जोड़ना है। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र जैसे केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल नेटवर्क डीयू से जुड़ें। इस विश्वविद्यालय ने देश को कई नामचीन हस्तियां दी है।"
अरोड़ा ने कहा कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय के अलावा भी अन्य विश्वविद्यालयों के लिए सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार कि परियोजनाओं के लिए पैसे की जरूरत होती है और वह इसके लिए निवेशकों की खोज कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications