खनन घोटाले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी : पटनायक (राउंडअप)
इस बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के एक दल ने शनिवार को भारतीय खदान ब्यूरो के दो अधिकारियों को उड़ीसा के आंगल जिले में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उधर उड़ीसा के खनन (सुरक्षा) के उप निदेशक के.के.शर्मा ब्रजराजनगर जिले में महानदी कोलफील्ड्स के अतिथिगृह में शनिवार को मृत मिले। पुलिस को संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की है।
पटनायक ने विधानसभा में कहा, "सतर्कता विभाग की रिपोर्ट अभी तक मेरे पास नहीं पहुंची है। लेकिन मैं आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून निश्चित रूप से अपना काम पूरा करेगा।"
इसके पहले सतर्कता विभाग के निदेशक अनूप कुमार पटनायक ने आईएएनएस को बताया था कि अवैध खनन के सबूत पाए गए हैं।
पिछले महीने विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया था कि खनिज संपन्न क्योंझर जिले में अवैध रूप से व्यापक पैमाने पर खनन जारी है। विपक्ष के इस आरोप के बाद सतर्कता विभाग को इस मामले की जांच के लिए कहा गया था।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने अवैध खनन के बारे में सदन में दस्तावेजी सबूत प्रस्तुत किए। भाजपा सदस्यों ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने की अपनी मांग को फिर से दोहराया।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुरेश पुजारी ने कहा, "केवल सीबीआई ही इस घोटाले में लिप्त लोगों को दबोच सकती है।"
खनन अधिकारी ने की आत्महत्या :
उड़ीसा के खनन (सुरक्षा) के उप निदेशक के.के.शर्मा ब्रजराजनगर जिले में महानदी कोलफील्ड्स के अतिथिगृह में शनिवार को मृत मिले। पुलिस को संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की है। शर्मा का शव महानदी कोलफील्ड्स के आईबी घाटी अतिथिगृह में पंखे से झूलता मिला। वह यहां शुक्रवार को निरीक्षण के लिए आए थे।
ब्रजराजनगर की पुलिस अधीक्षक कबिता जालान ने कहा, "हमें संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की है।"
सीबीआई ने 2 खदान अधिकारियों को गिरफ्तार किया :
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के एक दल ने शनिवार को भारतीय खदान ब्यूरो के दो अधिकारियों को उड़ीसा के आंगल जिले में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
भुवनेश्वर से गए सीबीआई के एक दल ने आंगल जिले के तलचर में स्थित महानदी कोलफील्ड लिमिटेड (एमसीएल) के अतिथि गृह पर छापा मार कर संयुक्त कोयला भंडार मापन दल के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई दल ने कमरे से 4.23 लाख रुपये भी जब्त किए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (सीबीआई) पी.के.पाणिग्रही ने कहा, "विशेष सूचना के आधार पर हमने महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के अतिथि गृह के खास कमरे में छापा मारा।"
सीबीआई ने सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के एक अधिकारी को भी गिरफ्तार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications