अगर सही है, तो यकीनन महसूद की मौत अच्छी खबर है : अमेरिका
वाशिंगटन, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान को जहां इस बात का पक्का यकीन है कि अमेरिकी ड्रोन हमले में तालिबानी सरगना बेतुल्लाह महसूद मारा गया है वहीं अमेरिका ने उसकी मौत की पुष्टि करने से इंकार करते हुए कहा है यदि यह सच है तो इससे यकीनन पाकिस्तानी जनता महफूज होगी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा, "जाहिर तौर पर हमने ऐसी रपटे देखी हैं-यहां तक कि तालिबानी सदस्यों ने भी कहा है कि बैतुल्लाह महसूद मारा जा चुका है। लेकिन हम इसकी सौ फीसदी पुष्टि नहीं कर सकते।"
गिब्स ने यह बात शुक्रवार को उस समय कही जब उनसे पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बयान के बारे में पूछा गया था। कुरैशी ने शुक्रवार को कहा था, "यह अब निश्चित है कि वह मारा जा चुका है।"
यह पूछने पर कि महसूद के मारे जाने से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की रणनीति पर क्या असर पड़ेगा, गिब्स ने कहा, "अगर बैतुल्लाह महसूद के मारे जाने की खबर सही है तो यकीनन इसकी बदौलत पाकिस्तानी जनता अब सुरक्षित होगी।"
उन्होंने कहा कि महसूद ने सैकड़ों मासूम नागरिकों को मौत के घाट उतारा था। उसने पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या की साजिश रचने सहित जबरदस्त आत्मघाती हमलों को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि महसूद का मारा जाना पाकिस्तानी जनता के लिए सुखद खबर है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता रॉबर्ट वुड ने भी महसूद के मारे जाने की पुष्टि नहीं की लेकिन कहा कि वह दुनिया भर में कई आतंकवादी हमलों के लिए जिम्मेदार था। उन्होंने कहा, "आतंकवाद की बुराई से मुकाबला करने के लिए हम अन्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications