जिंदा है बैतुल्लाह महसूद : तालिबान (लीड-1)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक टीवी चैनल एआरवाई न्यूज ने खबर दी है कि पाकिस्तानी तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) के प्रवक्ता हकीमुल्लाह महसूद ने दावा किया है कि बैतुल्लाह महसूद जिंदा है और वह एक अज्ञात स्थान पर छिपा हुआ है।
एक अरबिक टीवी चैनल के अनुसार हकीमुल्लाह ने कहा है कि बैतुल्ला महसूद एक रणनीति के तहत भूमिगत हो गया है। उसने कहा है कि बैतुल्ला अमेरिकी ड्रॉन हमले के बारे में संदेश में बात करेगा।
हमले के समय महसूद की अपने ससुर के घर पर मौजूदगी के बारे में मीडिया में आई खबरों पर टिप्पणी करते हुए हकीमुल्लाह ने कहा कि ससुराल में जाकर रहना या रुकना पश्तून परंपरा में अति शर्मनाक माना जाता है और हमले के समय आतंकवादी सरगना वहां मौजूद नहीं था।
दूसरी ओर स्थानीय और विदेशी मीडिया में पिछले दो दिनों से खबरें आ रही है कि महसूद उत्तर पश्चिम पाकिस्तान के दक्षिणी वजीरिस्तान जनजातीय इलाके में बुधवार को उस समय हमले में मारा गया, जब वह अपनी ससुराल में रुका हुआ था।
हकीमुल्ला के इस इंकार से महसूद की मौत को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। क्योंकि पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शुक्रवार को कहा था कि खुफिया सूत्रों ने महसूद के मारे जाने की पुष्टि की है।
महसूद को पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या का जिम्मेदार माना जाता है।
खुफिया अधिकारियों ने बताया कि महसूद बुधवार को अपने ससुर के मकान पर हुए अमेरिकी मिसाइल हमले में मारा गया और उसे दक्षिणी वजीरिस्तान के नार्दुसाई गांव में दफना दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि उसने महसूद के मारे जाने और दफनाए जाने की गोपनीय खबर देखी है लेकिन उस इलाके पर तालिबान का कब्जा होने की वजह से उनके एजेंट उसे देख नहीं सके।
वहीं अमेरिका ने उसकी मौत की पुष्टि करने से इंकार किया है। लेकिन उसने कहा है कि यदि यह सच है तो इससे यकीनन पाकिस्तानी जनता महफूज होगी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा, "जाहिर तौर पर हमने ऐसी रपटें देखी हैं-यहां तक कि तालिबानी सदस्यों ने भी कहा है कि बैतुल्लाह महसूद मारा जा चुका है। लेकिन हम इसकी सौ फीसदी पुष्टि नहीं कर सकते।"
यह पूछने पर कि महसूद के मारे जाने से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की रणनीति पर क्या असर पड़ेगा, गिब्स ने कहा, "अगर बैतुल्लाह महसूद के मारे जाने की खबर सही है तो यकीनन इसकी बदौलत पाकिस्तानी जनता अब सुरक्षित होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications