हवा में चलाई गोली युवा क्रिकेट खिलाड़ी को लगी, हालत गंभीर (लीड-1)
पुलिस ने कहा कि यह घटना शुक्रवार शाम को उस समय घटी, जब इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के जीतेंद्र सिंह ने जालंधर की ओर जाने वाली एक बस में हवा में गोली दाग दी। लेकिन गोली 20 वर्षीय यात्री राहुल कुमार को जा लगी। गंभीर अवस्था में घायल कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक सुखचैन सिंह गिल ने आईएएनएस से कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिल ने कहा कि क्रिकेटर राहुल की हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। एक चिकित्सक ने कहा कि अब वह अपने जीवन में क्रिकेट नहीं खेल सकता, क्योंकि उसकी बाई आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल (सीएमसीएच) के उपनिदेशक किम मेमन ने कहा, "राहुल के सिर में कुछ गंभीर चोटें हैं। फिर भी हमने उसे बचा लिया है, लेकिन वह एक सामान्य खिलाड़ी की तरह अब खेल नहीं सकेगा।"
राहुल जालंधर की अंडर-22 क्रिकेट टीम का सदस्य है और वह पटियाला से घर लौट रहा था।
उसी बस में यात्रा कर रहे राहुल के एक मित्र ने कहा, "हम एक क्रिकेट मैच खेलने पटियाला गए हुए थे। लेकिन खराब मौसम के कारण हम मैच नहीं खेल पाए। हम वापस जालंधर लौट रहे थे और रास्ते में यह घटना घट गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications