कोलकाता में दो डाक्टरों में स्वाइन फ्लू के लक्षण
कोलकाता, 8 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता में स्वाइन फ्लू के लक्षण के साथ दो डाक्टरों को संक्रामक रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी तापस सेन ने आईएएनएस से कहा, "दोनों डाक्टरों रंजीत मंडल और प्रशांत सरकार को बुखार और सर्दी की शिकायत है। इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।"
अस्पताल के स्वाइन फ्लू वार्ड में फिलहाल 11 मरीज भर्ती हैं जिनमें से तीन में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें जापान के नागरिक युकी नकाजावा, बहादुर फिरोज शाह और एक छह वर्षीय लड़की प्रांजलि मंडल शामिल है।
प्रांजलि के मामले से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है क्योंकि उसने कोई विदेश दौरा नहीं किया था।
पुणे में तीन अगस्त को फ्लू से स्कूली छात्रा की मौत के बाद स्वेच्छा से जांच कराने वालों की अस्पताल में काफी भीड़ रही। इससे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के लिए दो और क्लिनिक विशेष रूप से निर्धारित किए हैं।
ये क्लिनिक एनआरएस मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में और आरजी कार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में बनाए गए हैं।
पश्चिम बंगाल में अब तक स्वाइन फ्लू के नौ मामलों की पुिष्ट हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications