सतर्कता विभाग ने उड़ीसा में अवैध खनन के सबूत पाए
सतर्कता विभाग के निदेशक अनूप कुमार पटनायक ने आईएएनएस को बताया कि सरकार ने उनसे अवैध खनन के बारे में पता लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है।
पटनायक ने कहा कि जांच में जुटे सतर्कता विभाग के 25 अधिकारियों के एक दल ने खनन और वन विभाग के कार्यालयों में जाकर दस्तावेजों की जांच की है और खनन, वन और बिक्री कर विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में खनन स्थलों का निरीक्षण किया है।
पटनायक ने कहा, "हमने अवैध खनन के सबूत पाए हैं। जिस इलाके में खनन कार्य जारी है, उसे किसी को भी पट्टे पर नहीं दिया गया है। स्थानीय वन अधिकारियों और खनन विभाग को पता है कि अवैध खनन जारी है, लेकिन उन्होंने उसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।"
पटनायक ने कहा, "अब हम यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि इलाके से कितना खनिज निकाला गया और इस अवैध कृत्य के पीछे कौन से लोग जिम्मेदार हैं।"
पटनायक ने कहा कि इसमें थोड़ा समय लग सकता है और उन्होंने सरकार को एक छह पृष्ठों वाली प्रारंभिक रिपोर्ट शुक्रवार को सौंप दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications