पुणे में फ्लू पीड़ित चिकित्सक और फार्मासिस्ट की हालत गंभीर
पुणे, 8 अगस्त (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक चिकित्सक और एक फार्मासिस्ट की हालत शनिवार को दूसरे दिन भी गंभीर बनी रही। दोनों को पुणे के सासून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राज्य स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने कहा, "दोनों को जीवन रक्षक यंत्र पर रखा गया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।"
फ्लू के ढेर सारे मामलों को देखते हुए सरकार ने फ्लू के इलाज के लिए यहां दो और केंद्रों की स्थापना की है।
आवटे ने आईएएनएस को बताया, "नायडू अस्पताल के अलावा हमने सासून अस्पताल और अंध अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू के रोगियों का इलाज शुरू कर दिया है।"
आवटे ने कहा कि पांच वर्षीय एक बच्ची को गहन चिकित्सा केंद्र में भर्ती किया गया है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। स्वाइन फ्लू के लक्षण के अलावा वह निमोनिया से भी पीड़ित है।
स्वास्थ्य विज्ञान विभाग के डीन राजीव यरवदेकर के अनुसार शुक्रवार को फ्लू से पीड़ित पाए गए सिंबायोसिस के एक 18 वर्षीय छात्र की स्थिति भी स्थिर बनी हुई है।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को फ्लू के 53 नए मामले पाए गए थे, जिनमें से 37 मामले अकेले पुणे के थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications