मैं चुनाव को ध्यान में रखकर काम नहीं करता : हुड्डा
चंडीगढ़, 8 अगस्त (आईएएनएस)। कुछ ही माह बाद चुनाव का सामना करने जा रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री भुपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि वह चुनाव को दिमाग में रखकर काम नहीं करते।
दोबारा सत्ता में आने के प्रति आश्वस्त हुड्डा ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, "मैं चुनाव को दिमाग में रखकर कभी कोई काम नहीं करता। लोगों के कल्याण के लिए हमारी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। लोग संतुष्ट हैं और मैं खुश व संतुष्ट हूं।"
उन्होंने कहा, "जब मैं अपने पहले कार्यकाल में फैसले ले रहा था तो लोग कह रहे थे अभी यह क्यों कर रहे हैं चुनाव तो बहुत दूर है। लेकिन मैं चुनाव को दिमाग में रखकर काम नहीं करता।"
राज्य में अगले साल फरवरी में चुनाव निर्धारित है लेकिन इसकी काफी संभावना है कि चुनाव अक्टूबर या नवंबर में संपन्न हो जाए।
इस साल मई में संपन्न लोकसभा चुनाव में राज्य की कुल 10 लोकसभा सीटों में से नौ पर कांग्रेस की जीत हुई थी।
हुड्डा ने समय से पहले चुनाव की संभावना के बारे में कहा, "समय पूर्व चुनाव की संभावना है। यह अक्टूबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ हो सकता है। मेरी सरकार से लोग संतुष्ट हैं, देखते हैं क्या होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications