गोवा की 12 खानों पर लगेगा ताला
गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निदेशक माइकल डिसूजा ने इन खानों को बंद करने के आदेश जारी किया है। बंद होने वाली खानों में सेसा गोआ की दो खानें भी हैं जो कोडली गांव में हैं।
इन दोनों खानों को वन विभाग की तरफ से आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है। इसके अलावा दामोदर मंगलजी से जुड़ी एक अन्य खान की भी जांच की जा रही है। यह खान पट्टे की भूमि पर है, जो एक संरक्षित क्षेत्र हैं, जहां चट्टान पर प्राचीन भित्ती चित्र हैं।
गुरुवार को राज्य के पर्यावरण मंत्री अलैक्सो सिक्योरिया ने विधान सभा में कहा था कि वन्यजीव अभयारण्यों के नजदीक की सभी खानों को बंद कर दिया जाएंगा।
गोवा विधानसभा के मानसून सत्र का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा गैरकानूनी खनन था। मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त की गई एक उच्च स्तरीय समिति ने भी राज्य में गैरकानूनी खनन की तमाम गतिविधियों पर एक रिपोर्ट तैयार की थी।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष ने अनेक कैबिनेट मंत्रियों पर भी गैरकानूनी खनन में लिप्त होने का आरोप लगाया था। विपक्ष के नेता मनोहर पारिकर ने आरोप लगाया था कि गोवा खनन निर्यात का करीब 18 प्रतिशत गैरकानूनी खनन से होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications