आरएमएल के वरिष्ठ चिकित्सक में स्वाइन फ्लू के लक्षण
नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के स्वाइन फ्लू जांच केंद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं एक जूनियर चिकित्सक को इंफ्लूएंजा ए (एच1एन1) के संदिग्ध लक्षणों के कारण घर पर अलग-थलग करके रखा गया है।
आरएमएल अस्पताल के स्वाइन फ्लू जांच केंद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस.के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "मैं दो दिनों से घर पर हूं।"
उन्होंने बताया, "हम लोग जांच केंद्र में 12 घंटे से ज्यादा समय तक वायरस के संपर्क में रहते हैं। मेरे नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनके नतीजे 48 घंटे में मिल जाएंगे।"
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ओपीडी में तैनात एक जूनियर चिकित्सक को भी घर पर अलग-थलग रखा गया है। दोनों चिकित्सकों का इलाज जारी है।
शर्मा ने बताया, "मैं दो दिन से टैमी फ्लू ले रहा हूं और यदि मेरे नमूने सकारात्मक पाए गए तो मुझे तीन दिन और यह दवा लेनी होगी। यदि नकारात्मक निकले तो काम पर लौट जाऊंगा।" उन्होंने कहा कि उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण ज्यादा नहीं हैं इसलिए उन्हें उम्मीद है कि वह इससे संक्रमित नहीं निकलेंगे।
शुक्रवार को दिल्ली के तीन चिकित्सक स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए। वे आरएमएल अस्पताल के नहीं थे।
अब तक भारत में स्वाइन फ्लू के 712 मामले आ चुके हैं जिनमें से 490 को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications