चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू का सातवां मामला
चंडीगढ़, 8 अगस्त (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में 29 वर्षीय एक इंजीनियर को स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मरीज चंडीगढ़ निवासी हैं और इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की पानीपत स्थित रिफायनरी में कार्यरत हैं। वह कनाडा में महीना भर बिताकर आए हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर उन्हें चंडीगढ़ के पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर)में पांच अगस्त को भर्ती कराया गया।
स्वाइन फ्लू से संबद्ध चंडीगढ़ के नोडल अधिकारी एच.सी. गेरा ने आईएएनएस को बताया, "मरीज को पीजीआईएमईआर में अलग वार्ड में रखा गया है। उनके नमूने जांच के लिए दिल्ली के राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान भेजे गए थे। शुक्रवार शाम को मरीज के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली।"
मरीज के परिवार के सदस्यों को सेक्टर-15 स्थित उनके घर में अलग-थलग रखा गया है जबकि पानीपत के स्वास्थ्य अधिकारियों की सूचित किया जा चुका है ताकि वे मरीज के संपर्क में आए लोगों को अलग-थलग रख सके। मरीज के साथ कनाडा गये एक अन्य व्यक्ति को भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने के बाद दिल्ली में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंडीगढ़ के अस्पतालों में अब तक स्वाइन फ्लू के 44 संदिग्ध मामले आ चुके हैं, जिनमें से सात में इस रोग की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications