10 लाख आबादी वाले शहरों में मेट्रो रेल संभव : जयपाल रेड्डी
रेड्डी, दिल्ली मेट्रो सेवा के नोएडा व गुड़गांव सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विस्तार के लिए राज्यसभा में पेश किए गए एक विधेयक पर आयोजित चर्चा में जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, "पहली बार हमने 10 लाख आबादी वाले शहरों में मेट्रो प्रणाली शुरू किए जाने का एक कानूनी खाका निर्धारित किया है।"
राज्यसभा ने इस विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। लोकसभा में इस विधेयक को गुरुवार को ही मंजूरी दे दी गई थी।
रेड्डी ने कहा, "हमें जिस भी शहर से प्रस्ताव मिलेंगे, हम उस पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देंगे। भारत में न केवल ईंधन बचाने के लिए, बल्कि यातायात जाम से भी बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की सख्त आवश्यकता है।"
रेड्डी ने कहा, "मेट्रो परियोजनाओं में आने वाली लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार देगी और 50 प्रतिशत राज्य सरकारों को वहन करना होगा। हम इसके लिए विदेशी संस्थानों से भी ऋण हासिल करने के प्रयास कर रहे हैं।"
फिलहाल देश में कोलकाता और नई दिल्ली में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हैं। दिल्ली में 800,000 लोग प्रतिदिन मेट्रो की सवारी करते हैं।
इसके अलावा चंडीगढ़, हैदराबाद, कोच्चि और मुंबई जैसे शहरों में भी मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications