गिरफ्तार लिट्टे प्रमुख से पूछताछ की गई (लीड-2)
रामबुकवेल्ला ने कहा कि केपी के नाम से चर्चित पद्मनाथन को गुरुवार को एक एशियाई देश में गिरफ्तार किया गया। लेकिन उन्होंने यह कहते हुए उस देश का नाम बताने से इंकार कर दिया कि इससे जांच कार्य प्रभावित होगा।
इसके पहले आई खबरों में कहा गया था कि केपी को थाईलैंड में गिरफ्तार किया गया, लेकिन बैंकाक स्थित श्रीलंकाई दूतावास ने इस खबर का खंडन किया।
थाई पुलिस ने कहा कि केपी को सिंगापुर में गिरफ्तार किया गया था और उसे शुक्रवार को तड़के बैंकाक से होकर कोलंबो ले जाया गया था। अन्य खबरों में कहा गया कि उसे मलेशिया में गिरफ्तार किया गया था।
सिंगापुर के गृह मंत्रालय की ओर से केपी की गिरफ्तारी में किसी संलिप्तता से इंकार किया गया है।
रामबुकेवेल्ला ने कहा, "लिट्टे के सफाए के बाद उसके बचे-खुचे कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि पद्मनाथन के उदय से उनका आंदोलन फिर से जिंदा हो जाएगा, लेकिन हमने यह साबित कर दिया है कि वे चाहे जहां कहीं भी उभरने की कोशिश करेंगे, उन्हें दबोचने की क्षमता हमारे पास मौजूद है।"
पद्मनाथन, पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी की वर्ष 1991 में की गई हत्या के मामले में भी वांछित है।
रामबुकवेल्ला ने कहा, "जिन देशों के साथ हमारा समझौता हुआ है, उन्हें पद्मनाथन से पूछताछ की अनुमति प्रदान करने के किसी आग्रह पर हम विचार करेंगे।"
रामबुकवेल्ला ने कहा कि पद्मनाथन से स्थानीय रक्षा अधिकारियों ने पूछताछ की है। लेकिन पूछताछ के दौरान बाहर आई बातों का उन्होंने खुलासा नहीं किया।
ज्ञात हो कि विगत 18 मई को प्रभाकरन के मारे जाने के बाद श्रीलंका में लंबे समय तक चले हिंसक संघर्ष को खत्म मान लिया गया था। उसी के बाद पद्मनाथन ने लिट्टे की कमान संभाली थी।
रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी बयान में कहा गया है, "इंटरपोल और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सर्वाधिक वांछित आतंकवादी कुमारन पद्मनाथन ऊर्फ केपी को हिरासत में ले लिया गया है।"
इसके पहले श्रीलंका के रक्षा मंत्री गोताभया राजपक्षे ने बीबीसी को बताया था कि पद्मनाथन को थाईलैंड में गिरफ्तार किया गया जहां वह कई वर्षो से रह रहा था।
उधर, पद्मनाथन की गिरफ्तारी के बारे में लिट्टे की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications