स्वाइन फ्लू के एक करोड़ नमूने की जांच की पर्याप्त व्यवस्था : आजाद
नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नवी आजाद ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने एक करोड़ स्वाइन फ्लू संदिग्धों के नमूने की जांच की पर्याप्त व्यवस्था की है। इसके साथ पीड़ितों के उपचार के लिए टेमीफ्लू की 60 लाख खुराक की व्यवस्था है।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री ने कहा, "स्वाइन फ्लू के एक करोड़ संदिग्धों के जांच की पर्याप्त व्यवस्था है। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू पीड़ितों के उपचार के लिए हमने टेमीफ्लू की 60 लाख खुराक की व्यवस्था की है।"
उन्होंने कहा कि मंत्रालय प्रमुख निजी अस्पतालों के संपर्क में है जिससे जांच प्रक्रिया में उनका सहयोग लिया जा सके।
आजाद ने कहा कि अब तक हमने इसकी जांच का कार्य सरकारी अस्पतालों तक सीमित कर रखा है क्योंकि यहां अलग वार्ड बनाए गए हैं और विशेषज्ञ डाक्टर जांच करते हैं। अब हम निजी अस्पतालों से भी कह रहे हैं कि वे इसी तरह की सुविधा उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल टेमीफ्लू दवा निर्धारित सरकारी अस्पतालों में ही उपलब्ध है। सरकार अब टेमीफ्लू दवा की बाजार में बिक्री को लेकर विचार कर रही है। दो-तीन दिन में इसकी समीक्षा कर ली जाएगी। अगर जरूरत महसूस हुई तो इसकी बिक्री की जाएगी।
आजाद ने कहा कि प्रत्येक जांच पर कम से कम 5,000 रुपये खर्च आते हैं और जो संक्रमित पाए जाते हैं उन मामलों में 10,000 रुपये का खर्च आता है। जांच में कम से कम छह घंटे का समय लगता है।
आजाद ने पुणे की स्कूली छात्रा रिदा शेख की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि इस मामले गलती दोनों पक्षों की ओर से हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications