आस्ट्रेलिया ने भारतीय छात्रों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया
केयनर्स (आस्ट्रेलिया), 7 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया ने अपने यहां पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा भरोसा दिलाया है। साथ ही यहां प्रधानमंत्री केविन रुड सहित तीन उच्च-स्तरीय भारत यात्राओं की योजना बनाई जा रही है।
आस्ट्रेलिया की पांच दिन की यात्रा पर आए विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कहा, "आस्ट्रेलिया की ओर से तीन उच्च स्तरीय भारत यात्राओं की योजना बनाई जा रही है। इनमें प्रधानमंत्री रुड, उप प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड और विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ का भारत दौरा शामिल है।" कृष्णा ने रुड से 20 मिनट तक बातचीत की।
गिलार्ड शिक्षा मंत्री भी हैं और वह अगस्त के आखिर तक भारत जाएंगी जबकि रुड नवंबर में भारत यात्रा करेंगे।
रुड इस साल दो बार अपनी भारत यात्रा स्थगित कर चुके हैं, एक बार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बाईपास सर्जरी की वजह से और एक बार आम चुनावों की वजह से।
रुड ने कहा कि उन्हें अपनी भारत यात्रा का इंतजार है। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया के लिए यह रिश्ते महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कृष्णा को भरोसा दिलाया कि आस्ट्रेलिया में पढ़ने वाले सभी भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं।
कृष्णा ने आस्ट्रेलियाई सरकार के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया है।
आस्ट्रेलिया में गत नौ मई से कम से कम 22 भारतीय छात्रों पर मेलबर्न और सिडनी में हमला हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications