अपने देश की सरकार से ब्लैकबेरी के लिए संरक्षण मांग रही है आरआईएम
टोरंटो, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी फोन बनाने वाली कनाडियाई कंपनी रिसर्च एन मोशन (आरआईएम) इन दिनों दोहरी नीति पर चल रही है।
दरअसल, कारोबार के विस्तार के लिए दुनिया में वैश्विकरण की वकालत करने वाली यह कंपनी अब निजी हितों को साधने के लिए राष्ट्रीय हितों की दुहाई देकर संरक्षण की गुहार लगा रही है।
पिछले माह आर्थिक संकट से जूझ रही टोरंटो की दूरसंचार कंपनी नॉर्टेल के वायरलेस व्यापार की नीलामी में बोली नहीं लगा सकने वाली आरआईएम सरकार से गुहार लगा रही है कि वह राष्ट्रीय हित को ध्यान रखते हुए इस सौदे पर रोक लगाए।
आरआईएम के सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिम बालसिले ने इस बारे में सरकार से हस्तक्षेप करने को कहा है।
पिछले माह की 28 तारीख को स्वीडिश कंपनी एरिक्शन द्वारा नॉर्टेल की बोली 1.3 अरब डॉलर में जीत लेने के बाद कारपोरेट और राजनीतिक दलों के दबाव में कनाडा की सरकार ने सौदे की समीक्षा करने का निर्णय लिया है।
कनाडा की एक संसदीय समिति सौदे पर चर्चा के लिए शुक्रवार को आपात बैठक करेगी। इस सौदे से कनाडा पर पड़ने वाले असर के बारे में समिति आरआईएम, एरिक्शन, नॉर्टेल और उद्योग जगत की राय जानेगी।
कनाडा के विपक्षी दलों ने इस सौदे की आलोचना की है और सरकार पर इसे बदलने का दबाव बनाया हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications