कार से 5 भारतीयों को कुचलने वाले युवक ने आत्मसमर्पण किया
काठमांडू, 6 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल की राजधानी काठमांडू में मंगलवार देर रात पांच भारतीयों सहित छह लोगों को अपनी कार से कुचलने वाले 21 वर्षीय युवक ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
बिप्लब मानसिंह दंगोल ने बुधवार मध्य रात्रि से पहले ही हनुमानधोपा थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। हादसे के समय बिप्लब ही अपनी होंडा सिटी कार चला रहा था। उल्लेखनीय है कि यह हादसा स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात 12.45 बजे के आसपास हुआ।
पुलिस के मुताबिक कार बिप्लब की मां शांति मानसिहं दंगोल के नाम से पंजीकृत है। बिप्लब ने पुलिस को दिए अपने शुरुआती बयान में कहा है उसने एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश की और नतीजतन बीरभूमि अस्पताल के बाहर यह हादसा हो गया।
बेंगलुरू के एक निजी संस्थान में व्यवसाय प्रबंधन की पढ़ाई कर रहे बिप्लब ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उसका 21वां जन्म दिन था और उसी का जश्न मनाने के बाद वह अपने एक दोस्त को उसके घर छोड़ने जा रहा था कि यह हादसा हो गया। उसका दावा है कि हादसे के शिकार हुए सात लोगों को उसने नहीं देखा। उल्लेखनीय है कि इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हो गया था।
दरअसल, यह दुर्घटना उस समय हुई थी जब शहर के बीरभूमि अस्पताल में उपचार करवाकर 15 वर्षीय संजीव गुप्ता का परिवार बाहर निकल रहा था। बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी संजीव को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि कार के टक्कर मारने के बाद संजीव सहित छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। संजीव के चाचा मदन कुमार गुप्ता (29) और मां कृष्णा देवी गुप्ता भी इस हादसे का शिकार हुए थे।
हादसे में बिहार के कसुहा के रहने वाले संजीव के पड़ोसी धर्मनाथ सिंह (50), मोतिहारी निवासी वीना सिंह (46 वर्ष) और एक अन्य किशोर मारे गए थे। हादसे में मारे गए छठे व्यक्ति की शिनाख्त सुदान श्रेष्ठ के रूप में हुई है। सीतामढ़ी निवासी दीपक गुप्ता (28) इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications