पश्चिम बंगाल में संदिग्ध नक्सलियों ने 2 की हत्या की
लालगढ़ में अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के बाद संदिग्ध नक्सली अब तक छह लोगों की हत्या कर चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार मारे गए दो लोगों में से एक लालगढ़ में नक्सल विरोधी गण प्रतिरोध कमेटी का सदस्य था। बताया जाता है कि गण प्रतिरोध कमेटी को राज्य में सत्ताधारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन हासिल है।
दूसरे ग्रामीण की इसलिए हत्या की गई क्योंकि नक्सलियों को संदेह था कि वह पुलिस के लिए मुखबिरी करता है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बुधवार को सशस्त्र नक्सलियों ने बेलपहाड़ी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत माजुगेरिया गांव में गुणोधर सिंह के घर को चारों तरफ से घेर लिया।
इसके बाद वे लोग सिंह को घसीटकर जंगल में ले गए और वहां उसे दो गोली मार दी। सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना मिदनापुर शहर के करीब चिलगोरा गांव हुई जहां करीब 500 हथियारबंद लोग मुखौटा लगाए रामशंकर अधिकारी के घर बाहर जमा हो गए। उन्होंने अधिकारी को चेतावनी दी कि घर बाहर निकलो, नहीं तो पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि नक्सली अधिकारी को गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर ले गए। नक्सलियों ने उससे कहा कि चूंकि तुमने पुलिस को हमारे बारे में खबरें पहुंचाई है इसलिए तुम्हें मृत्युदंड मिलेगा।
अधिकारी ने मारे जाने से पूर्व अपने बेटों से एक बार मिलने देने की नक्सलियों से मिन्नतें की। इसके बाद नक्सली उसे लेकर उसके घर तक आए। वहां अधिकारी ने अपने दोनों पुत्रों सांतनु और सुतानु को गले लगाकर जी भरकर प्यार किया। इसके बाद नक्सलियों ने अधिकारी की उसके घर के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications