रिहा अमेरिकी पत्रकारों के साथ स्वदेश पहुंचे क्लिंटन (लीड-2)
वाशिंगटन, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन बुधवार सुबह उत्तर कोरिया की जेल से रिहा हुई दो अमेरिकी महिला पत्रकारों को साथ लेकर स्वदेश लौट आए।
करेंट टीवी एलएलसी की संवाददाता लॉरा लिंग और युएना ली उत्तर कोरिया में चार महीनों से अधिक समय तक कैद रहीं। दोनों को इस वर्ष मार्च महीने में अवैध तरीके से उत्तर कोरिया में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था और दोनों को 12 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी।
लॉस एंजिल्स के बाहरी हिस्से में बरबैंक में स्थित बॉब होप हवाई अड्डे पर बुधवार तड़के अपने परिजनों के बीच पहुंचने के चंद मिनट बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में भावुक लॉरा ने नम आखों के साथ कहा, "हम हमेशा डरे हुए थे कि हमें कठिन श्रम के लिए किसी शिविर में भेजा जाएगा। उसके बाद अचानक हमें बताया गया कि हमें एक बैठक में जाना है।"
लिंग ने कहा, "हमें एक स्थान पर ले जाया गया और जैसे ही हम दरवाजे की ओर आगे बढ़े, हमने सामने अपने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को खड़े देखा। हम चकित थे। लेकिन हमें तत्काल यह पता चल गया कि हमारे जीवन के डरावने दिन का अंत होने वाला है।"
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग द्वितीय ने क्लिंटन के उत्तर कोरिया पहुंचने के कुछ देर बाद ही अपने यहां कई महीने से बंद इन दोनों महिला पत्रकारों को क्षमादान दे दिया था।
क्लिंटन ने मंगलवार को उत्तर कोरिया का दौरा करने का और किम जोंग से मुलाकात करने का ऐलान किया था। उनके उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग पहुंचने और किम जोंग से मुलाकात के बाद दोनों महिला पत्रकारों लॉरा और युएना को रिहा कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications