दिल्ली मेट्रो से 10 लाख लोगों ने किया सफर
इस दिन टिकटों की बिक्री से दिल्ली मेट्रो को एक करोड़ 24 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा, "दिल्ली मेट्रो ने एक और मील का पत्थर पार कर लिया है। मंगलवार को अब तक सबसे अधिक 10 लाख लोगों ने मेट्रो से सफर किया और इसके जरिये मेट्रो को अब तक का सर्वाधिक राजस्व प्राप्त हुआ।"
इससे पहले पिछले वर्ष 24 नवंबर को विश्व व्यापार मेला के दौरान सबसे अधिक नौ लाख 53 हजार लोगों ने मेट्रो से सफर किया था। जुलाई 2009 में प्रतिदिन यात्रा करने वालों का औसत आठ लाख 37 हजार था। किसी माह के मामले में यह अब तक का सबसे अधिक यात्रा करने वालों का माह रहा।
चार अगस्त 2009 को यात्रियों की संख्या नौ लाख 92 हजार रही जबकि टिकटों की बिक्री से एक करोड़ 24 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
25 दिसंबर 2002 को शुरू हुए मेट्रो के इतिहास में यह अब तक का सर्वाधिक राजस्व रहा।
मेट्रो लाइन-3 (यमुना बैंक-द्वारका सेक्टर-9) के बीच सर्वाधिक तीन लाख 96 हजार इसके बाद लाइन-1 (दिलशाद गार्डन-रिठाला) के बीच तीन लाख पांच हजार और लाइन-2 (जहांगीरपुरी-केंद्रीय सचिवालय) के बीच दो लाख 89 हजार यात्रियों ने मंगलवार को सफर किया।
दिल्ली मेट्रो ने रक्षा बंधन के अवसर पर बुधवार को 60 अतिरिक्त रेलगाड़ी के फेरों की व्यवस्था की थी और इसके लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की थी।
दयाल ने कहा कि बुधवार को यात्रा करने वाले लोगों का आंकड़ा गुरुवार को ही मिल सकता है। उन्होंने कहा कि यमुना बैंक, राजीव चौक, जहांगीरपुरी, शाहदरा, सीलमपुर, दिलशाद गार्डन, द्वारका मोड़ और उत्तम नगर (पूर्व) मेट्रो स्टेशनों पर काफी भीड़ देखी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications