पंजाब के युवक की इटली में हत्या (लीड-1)
डेराबस्सी कस्बे का निवासी रमेश कुमार वर्ष 2007 में इटली चला गया था। वह वहां के मिलान शहर में एक लकड़ी के कारखाने में काम करता था। उसे 28 जुलाई को एक नदी के किनारे रहस्यमय स्थिति में मृत पाया गया।
रमेश के पिता मदनलाल ने बुधवार को कहा, "मेरे बेटे की इटली में हत्या कर दी गई है। हमें सोमवार को वहां रह रहे एक संबंधी ने इसकी सूचना दी। हम बहुत असहाय महसूस कर रहे हैं, क्योंकि हमें शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं है। "
मदनलाल ने कहा, "हमारे रिश्तेदार ने हमें बताया कि रमेश कुमार काम के लिए घर से निकला था, लेकिन वह समय पर घर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मेरे रिश्तेदार को उसकी हत्या के बारे में सूचित किया। अब पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक वे शव हमें नहीं सौंपेंगे।"
रमेश कुमार अपने चार भाइयों-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है।
मदनलाल ने कहा, "हम भारत सरकार से आग्रह करते हैं कि वह दोषियों के खिलाफ वहां निष्पक्ष ढंग से मुकदमा चलाने और मेरे बेटे के शव को स्वदेश लाने में मदद करे। हम इस मामले में विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर से भी मुलाकात करेंगे। वह हमारे क्षेत्र की सांसद हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications